21 C
Lucknow
Wednesday, February 18, 2026

20 फरवरी को एटा में विद्युत बिल वसूली महाअभियान, 50 हजार बकायेदारों के पंजीकरण का लक्ष्य

Must read

 

एटा। जनपद में बकाया विद्युत बिलों की वसूली तेज करने के लिए विद्युत विभाग 20 फरवरी को विशेष महाअभियान चलाने जा रहा है। इस अभियान के तहत 50 हजार बकायेदार उपभोक्ताओं का पंजीकरण कर 17 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने इसे सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
यह अभियान विद्युत बिल राहत योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जो 28 फरवरी तक प्रभावी रहेगी। योजना के तहत बकायेदार उपभोक्ताओं को सरचार्ज में छूट सहित अन्य रियायतों का लाभ दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग बकाया जमा कर नियमित उपभोक्ता बन सकें। विभाग का मानना है कि राहत योजना का लाभ उठाकर उपभोक्ता अपने बकाया का निस्तारण करा सकते हैं।
महाअभियान के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। उपभोक्ताओं को मौके पर ही पंजीकरण और भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सभी अधिशासी अभियंताओं, उपखंड अधिकारियों और अवर अभियंताओं समेत विभागीय कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात कर लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए गए हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, लगातार बढ़ रहे बकाया के कारण राजस्व संग्रह प्रभावित हो रहा है। इसलिए यह अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर वसूली की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे 28 फरवरी से पहले राहत योजना का लाभ उठाकर अपना बकाया जमा करें, अन्यथा नियमानुसार कनेक्शन विच्छेदन सहित अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र उपभोक्ता योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article