बदायूं के कुंवरपुर थाना क्षेत्र में उर्स के दौरान हुए बवाल और प्रधान के भाई को गोली मारने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 25-25 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना पांच दिसंबर 2025 की रात थाना कुवंरगांव क्षेत्र के गांव खासपुर में हुई थी। उर्स के दौरान चल रही कव्वाली में दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे। पहले से चली आ रही रंजिश के चलते कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मारपीट और कुर्सियां चलने लगीं। पुलिस की मौजूदगी में ही हालात बेकाबू हो गए और फायरिंग शुरू हो गई, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
फायरिंग के दौरान प्रधान सगीर अहमद के भाई शाहिद आलम को गोली लग गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके से 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि मुस्लिम और राहगीर नामक आरोपी फरार चल रहे थे, जिन पर एसएसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
बताया गया कि कव्वाली कार्यक्रम में दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। आरोप है कि आरोपी पक्ष के कुछ लोगों ने रुपये लुटाते हुए प्रधान पक्ष पर तंज कसे और उनकी ओर पैसे फेंके, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पहले गाली-गलौज हुई और फिर लाठी-डंडों के साथ मारपीट शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर फायरिंग की गई, जिससे कई लोग गिरकर घायल हो गए।
प्रधान सगीर अहमद की तहरीर पर पुलिस ने खुर्शीद, शारिफ, नन्हे, राहगीर, मुस्लिम, विकार, स्वाले समेत सात नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। अब फरार चल रहे दोनों इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।


