सरायअकिल कस्बे के खोंपा रोड पर शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर रिहायशी मकान में जा घुसा। हादसे में मकान की बाउंड्री और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
मोलवीगंज मोहल्ला निवासी सत्य नारायण सरोज ने बताया कि खोंपा रोड स्थित उनके मकान के चारों ओर पक्की बाउंड्री बनी हुई थी। 14 फरवरी की सुबह तेज रफ्तार डंपर अचानक नियंत्रण खो बैठा और बाउंड्री तोड़ते हुए सीधे मकान के अंदर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारदीवारी पूरी तरह तहस-नहस हो गई और मकान की दीवारें भी हिल गईं।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने चालक से नुकसान को लेकर सवाल किया तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मकान मालिक ने करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने डंपर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि वाहन और आरोपी की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी वीर प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही डंपर और चालक को पकड़कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


