फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बरौन गांव में कर्ज से परेशान एक 36 वर्षीय व्यापारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरौन गांव निवासी एहसान मोहम्मद भैंसों के व्यापार का कार्य करते थे। परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ समय से उनके व्यापार में भारी नुकसान हो गया था, जिसके चलते वह लाखों रुपये के कर्ज में डूब गए थे। कर्ज का दबाव इतना बढ़ गया था कि वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे।
मृतक की पत्नी हुस्ना बेगम ने बताया कि व्यापार में हुए नुकसान के बाद उन्होंने कुछ महीने पहले अपना खेत बेचकर कर्ज का एक हिस्सा चुका दिया था, लेकिन इसके बावजूद काफी रकम बाकी रह गई थी। कर्जदाता लगातार तकादा कर रहे थे, जिससे वह अत्यधिक तनाव में थे। पत्नी के अनुसार बीती रात उनकी किसी व्यक्ति से फोन पर लंबी बातचीत हुई थी। इसके बाद सुबह जब परिजन उठे तो वह घर में नहीं मिले।
परिजनों की तलाश के दौरान घर से करीब 20 मीटर दूर एक बरगद के पेड़ पर अंगौछे के सहारे उनका शव लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एहसान मोहम्मद अपने पीछे पत्नी हुस्ना बेगम, दो बेटियां, दो बेटे और छोटे भाई सहवान को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि यदि किसी प्रकार का दबाव या उत्पीड़न सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here