कानपुर| सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र स्थित तुलसियापुर गांव में ऑनलाइन गेम और सट्टे की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी चेतराम ने कथित रूप से पहले अपनी पत्नी सुनीता और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर स्वयं आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार चेतराम ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी का आदी था। इसी लत के चलते वह लाखों रुपये हार गया और कर्ज के बोझ तले दब गया। हालात इतने बिगड़ गए कि उसे पहले अपना मकान और फिर एक बीघा खेत तक बेचना पड़ा। परिजनों ने बताया कि फरवरी 2025 में उसने आवास विकास हंसपुरम स्थित मकान बेच दिया था। बाद में तुलसियापुर में जमीन खरीदकर नया घर बनाया, लेकिन कर्ज का दबाव कम नहीं हुआ।
मृतक के बड़े भाई रामबाबू ने बताया कि चेतराम गांव के ही एक युवक से कर्ज लिए हुए था। हाल ही में उसने एक बीघा खेत 12 लाख रुपये में उसी युवक को बेच दिया। कर्ज के 4.5 लाख रुपये काटकर शेष 7.10 लाख रुपये दिए गए, जिनमें से 4.90 लाख रुपये बैंक खाते में और 2.60 लाख रुपये नकद मिले थे। इसके बावजूद वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
परिवारिक कलह भी घटना की एक वजह मानी जा रही है। चेतराम की ससुराल पाल्हेपुर नरवल में है। उसकी पत्नी सुनीता के पिता बृजपाल पुलिस विभाग में दीवान थे। शादी के बाद से दोनों परिवारों में मनमुटाव बना रहता था। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। वर्ष 2024 में बेटी प्रीति की मेरठ में शादी के दौरान भी रिश्तों में खटास साफ नजर आई थी।
घटना के बाद पहुंचे परिजनों ने हत्या की कहानी पर सवाल खड़े किए हैं। चेतराम के भाई का आरोप है कि किसी ने दोनों की हत्या कर चेतराम को फंसाने की साजिश की है। पुलिस ने मृतक की उंगलियों से जीएसआर (गन शॉट रेजिड्यू) के नमूने लिए हैं और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि पुलिस मृतक के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर ऑनलाइन लेनदेन और सट्टे से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी लेनदेन और आर्थिक दबाव सहित सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here