फर्रुखाबाद। कंपिल कस्बे में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दुष्कर्म के आरोपियों के कथित अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। कार्रवाई को लेकर इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
मामला करीब पांच माह पूर्व का बताया जा रहा है, जब कंपिल के एक कोचिंग सेंटर में तीन युवकों ने एक किशोरी को कथित रूप से कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपियों ने घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर कई बार शारीरिक शोषण किया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अनस, सलमान और शिबू के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेशी के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया था।
घटना के बाद पीड़िता के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बना हुआ था। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से आरोपियों के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। इसी क्रम में सोमवार शाम राजस्व विभाग की टीम ने पूर्व में जारी नोटिस के आधार पर अतिक्रमण की नापजोख की और संबंधित दुकानदारों को दुकान खाली करने के निर्देश दिए।
मंगलवार सुबह जैसे ही बुलडोजर मौके पर पहुंचा, बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और पीएसी बल तैनात किया। प्रारंभिक स्तर पर कुछ हिस्से में तोड़फोड़ की कार्रवाई भी की गई, लेकिन बाद में उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बुलडोजर को रोक दिया गया। फिलहाल मशीन मौके पर खड़ी है और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
प्रशासन का कहना है कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। वहीं क्षेत्र में हालात को देखते हुए पुलिस बल सतर्क है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है।





