लोहिया अस्पताल में भरा गया शव का पंचनामा
फर्रुखाबाद। जमीनी विवाद की रंजिश ने मंगलवार को एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मंदिर दर्शन के लिए जा रहे भाई-बहन पर दबंगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में 51 वर्षीय अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव में उसकी बहन भी घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के गांव इस्लामगंज निवासी 51 वर्षीय अशोक बाबू पुत्र नाथूलाल ने वर्ष 2024 में अपनी बहन अलका की शादी हरदोई जनपद के क्षेत्र हथौड़ा गांव निवासी सर्वेश मिश्रा के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा जमीन-जायदाद को लेकर अलका को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह अशोक बाबू अपनी बहन अलका, जो इन दिनों मायके में रह रही थी, को लेकर हरदोई स्थित हथौड़ा गांव के मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। जैसे ही वे रामताल पुलिया के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे मनमोहन उर्फ मन्नू पुत्र श्याम बिहारी (रिश्ते में दामाद) ने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर अशोक बाबू पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गंभीर चोट लगने के कारण अशोक बाबू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुंची बहन अलका को भी चोटें आई हैं। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल अशोक बाबू को लोहिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।






