महोबा| नगाराडांग गांव में पेयजल टंकी फटने की फैली खबर को जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता कार्यालय ने सिरे से खारिज कर दिया है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि टंकी में किसी प्रकार की कोई दरार, क्षति या तकनीकी खराबी नहीं पाई गई है। इस संबंध में विस्तृत जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी महोबा को सौंप दी गई है।
अधिशासी अभियंता संदेश सिंह तोमर द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि टंकी पूरी तरह सुरक्षित और कार्यशील स्थिति में है। दरअसल, टंकी ओवरफ्लो हो जाने के कारण उससे पानी बाहर गिरने लगा, जिससे आसपास के लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई और टंकी फटने की अफवाह फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर तत्काल जांच कराई गई।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि टंकी के ओवरफ्लो होने में कुछ कर्मचारियों की लापरवाही पाई गई है। संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीएम नमामि गंगे ने बताया कि टंकी की थर्ड पार्टी जांच भी कराई गई, जिसमें किसी प्रकार की संरचनात्मक कमी या डैमेज नहीं पाया गया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया गया है, जो सभी पहलुओं की गहन समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की सूचना की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।





