अमृतपुर/फर्रुखाबाद।
थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव पंचम नगला में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच उस समय तनाव फैल गया, जब मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में फायरिंग की चर्चा फैल गई, लेकिन पुलिस जांच में गोली चलने की बात असत्य पाई गई।
घायलों की पहचान दिनेश पुत्र शालिग्राम (उम्र 30 वर्ष) और ध्यानपाल पुत्र अहिलकार (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल भिजवाकर मेडिकल परीक्षण कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक भड़का और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए।
घायल दिनेश ने आरोप लगाया कि संदीप यादव समेत कई लोग अचानक मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। दिनेश ने स्वयं को गोली लगने की बात कही, लेकिन चिकित्सीय परीक्षण में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल से ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला जिससे फायरिंग की पुष्टि हो सके।
बताया जा रहा है कि बीती दीपावली पर संदीप के साथ हुई मारपीट को लेकर दोनों पक्षों में पहले से रंजिश चली आ रही थी। उसी विवाद की आग दोबारा भड़कने से यह घटना सामने आई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से पूछताछ की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया मामला लाठी-डंडों से मारपीट का है और गोली चलने की घटना निराधार है।
पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है।


