कानपुर के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र स्थित तुलसियापुर गांव की नई बस्ती में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात से हड़कंप मच गया। एक रिटायर्ड फौजी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या करने के बाद रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार तुलसियापुर नई बस्ती निवासी चेतराम कुमार (52) ने अपने मकान के अंदर पत्नी सुनीता (40) और 16 वर्षीय बेटे दीप को लाइसेंसी दोनाली बंदूक से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने घर के मेनगेट पर बाहर से ताला लगा दिया और करीब दो किलोमीटर दूर कठोगर गांव के पास भाऊपुर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया, जहां ट्रेन से कटकर उसने जान दे दी।
रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के शव मिलने की सूचना पर पुलिस शिनाख्त के लिए उसके घर पहुंची। वहां मकान के भीतर पत्नी और बेटे के शव मिलने से दोहरे हत्याकांड का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई और साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पारिवारिक कलह, आर्थिक स्थिति, हालिया लेन-देन और जमीन से जुड़े विवाद सहित सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के बड़े भाई रामबाबू ने हत्या की थ्योरी पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि चेतराम ऐसा कदम नहीं उठा सकते थे। उन्होंने दावा किया कि बेटे की कमर में रस्सी बंधी थी, जिससे उन्हें संदेह है कि तीनों की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक बीघा खेत बेचकर करीब 12 लाख रुपये मिले थे।
परिजनों के मुताबिक चेतराम सेना में रह चुके थे और कारगिल युद्ध में भी भाग ले चुके थे। परिवार का कहना है कि वह बहादुर और जिम्मेदार व्यक्ति थे, इसलिए वे पत्नी और बेटे की हत्या नहीं कर सकते। इस बयान के बाद पुलिस ने हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच तेज कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू पर जांच जारी है।


