मिर्जापुर (शाहजहांपुर) थाना क्षेत्र के ग्राम नौसारा झपुला में रविवार की सांय करीब तीन बजे अपने दरवाजे पर खड़े कोम सिंह यादव को गांव के नेत्रपाल व कमलेश यादव सहित चार लोग गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी लाठी डंडों से मारपीट व नाजायज असलह से फायरिंग की। जिससे कोम सिंह,डीपी व अवनीश गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोप है कि घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस की मौजूदगी में पथराव व फायरिंग की गई। पुलिस ने गंभीर घायल कोम सिंह के पिता कलक्टर सिंह यादव की तहरीर पर नेत्रपाल,कमलेश,धर्मेन्द्र व परविंदर यादव के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को सीएचसी जरियनपुर (मिर्जापुर) भेज दिया। जहां से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव के कमलेश यादव के दरवाजे पर बरेली के एक नेत्र चिकित्सालय की ओर से निःशुल्क नेत्र शिविर लगाया गया था। बताया जाता है कि नेत्र शिविर के डाक्टर का एक सहकर्मी बाइक लेकर गांव में कहीं गया था। रास्ते में अवनीश यादव की सात वर्षीय पुत्री अनन्या डाक्टर के सहकर्मी की बाइक के अचानक सामने आ गई। तभी सहकर्मी ने बच्ची के थप्पड़ मार दिया।
बच्ची को थप्पड़ मारने पर उसके पिता अवनीश शिविर स्थल पर गए और विरोध करने लगे। तभी शिविरकर्मी के पक्ष में कमलेश यादव आ गए। जिससे विवाद गाली गलौज के बाद मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी बीच कमलेश व नेत्रपाल नाजायज असलहों से फायरिंग करने लगे। जिससे कोम सिंह, डीपी व अवनीश गंभीर घायल हो गए।
घायलों को निजी वाहन से थाने ले जाकर घटना की तहरीर दी गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी जरियनपुर भेज दिया। सीएचसी के डाक्टर ने गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीण इसे आपसी रंजिश और मूंछ की लड़ाई बता रहे हैं। उधर घायल पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को थाने ले जाकर छोड़ दिया है।


