17 C
Lucknow
Monday, February 16, 2026

यूडीआई वेबसाइट ठप, दोपहर तक नहीं हो पाई एक भी रजिस्ट्री

Must read

बरेली की सदर तहसील स्थित उप निबंधक कार्यालय प्रथम-द्वितीय और परिसर में सोमवार को संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने पहुंचे क्रेता-विक्रेताओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। आधार सत्यापन न हो पाने के कारण सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी। समस्या की वजह यूडीआई (यूनिक डिवाइस आइडेंटिफिकेशन) वेबसाइट का ठप होना बताया गया।

तकनीकी गड़बड़ी के चलते आधार सत्यापन के लिए मोबाइल पर ओटीपी नहीं पहुंच पा रहा था, जिससे पंजीकरण आवेदन सबमिट नहीं हो पा रहे थे। दस्तावेज लेखक कल्याणकारी समिति सदर के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्र ने बताया कि यह समस्या केवल बरेली तक सीमित नहीं थी, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी यूडीआई साइट प्रभावित रही।

दोपहर बाद साइट ने काम करना शुरू किया, तब जाकर लंबित रजिस्ट्रियां पूरी हो सकीं। इस दौरान कानपुर से आए सहायक महानिरीक्षक निबंधक (एआईजी-स्टांप) राजेश वर्मा को भी अपनी बहन बीना सिंह की रजिस्ट्री के लिए आधार सत्यापन में लंबा इंतजार करना पड़ा। कई अन्य क्रेता-विक्रेता भी घंटों दफ्तर में बैठे रहे।

दस्तावेज लेखक कल्याणकारी समिति के सचिव अतुल सक्सेना ने बताया कि सुबह से ढाई बजे तक एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी, जिससे परिसर में अव्यवस्था और भीड़ की स्थिति बनी रही। कई लोग इंतजार के बाद निराश होकर लौट गए, जबकि कुछ ने देर शाम तक रुककर अपनी रजिस्ट्री पूरी कराई।

एआईजी स्टांप तेज सिंह यादव ने कहा कि सुबह कुछ समय के लिए आधार सत्यापन में दिक्कत आई थी, हालांकि बाद में समस्या का समाधान हो गया। उन्होंने बताया कि तकनीकी बाधाएं अन्य सेवाओं, जैसे बैंकिंग लेनदेन में भी सामने आई थीं, लेकिन दोपहर बाद स्थिति सामान्य हो गई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article