एक्सपायरी डेट बदलकर बेचा गया आटा! 25-30 मरीज यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती, बीमा सहायता पर सवाल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर व्रत के दौरान कुट्टू का आटा (buckwheat flour) खाने से ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) वेस्ट में 40 से अधिक लोग बीमार हो गए। मामला थाना बिसरख क्षेत्र का है, जहां दो अलग-अलग हाउसिंग सोसाइटियों में अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुपरटेक इको विलेज 3 में करीब 20 लोगों को उल्टी, बुखार और तेज पेट दर्द की शिकायत हुई। वहीं हिमालय प्राइड सोसाइटी में 24 से अधिक लोग समान लक्षणों से पीड़ित पाए गए। बीमारों में से 25 से 30 लोगों को यथार्थ अस्पताल, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों का प्रारंभिक अनुमान है कि खराब या मिलावटी कुट्टू के आटे के सेवन से फूड प्वाइजनिंग की स्थिति उत्पन्न हुई।
सूत्रों के अनुसार, स्थानीय दुकानदार द्वारा बेचे गए कुट्टू के आटे की एक्सपायरी डेट बदलकर उसे बाजार में बेचा गया था। यदि यह आरोप सही पाया जाता है, तो यह गंभीर आपराधिक लापरवाही का मामला बन सकता है। घटना के बाद एक और गंभीर पहलू सामने आया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को बीमा कंपनियों से अपेक्षित आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है। बताया जा रहा है कि कई मरीजों को वित्तीय सहयोग न मिलने के कारण डिस्चार्ज की प्रक्रिया शुरू करनी पड़ी। इससे पीड़ित परिवारों में आक्रोश है।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। संबंधित दुकानों से कुट्टू के आटे के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। Bisrakh थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि यदि आटे में मिलावट या एक्सपायरी डेट से छेड़छाड़ की पुष्टि होती है, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


