लखनऊ| आधार सेवाओं को आमजन, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुलभ और सुगम बनाने के उद्देश्य से डाक विभाग ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डाकघरों में आधार पंजीयन, संशोधन और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत तीन या उससे अधिक स्टाफ वाले डाकघरों में अतिरिक्त आधार मशीनें स्थापित की जाएंगी, ताकि लोगों को लंबी कतारों और दूरस्थ केंद्रों पर निर्भर न रहना पड़े।
डाक विभाग का मानना है कि ग्रामीण और अर्द्धशहरी क्षेत्रों में आधार सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। विशेष रूप से बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट को लेकर अभिभावकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान नियमों के अनुसार, पांच वर्ष और पंद्रह वर्ष की आयु पूरी होने पर बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य है। ऐसे में बड़ी संख्या में परिवार आधार केंद्रों तक पहुंचने में असुविधा महसूस करते हैं। नई व्यवस्था से यह प्रक्रिया अधिक आसान और तेज होगी।
लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के पोस्ट मास्टर जनरल सुनील कुमार राय ने बताया कि सभी जिलों से ऐसे डाकघरों की सूची मांगी गई है, जहां तीन से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। प्राथमिकता के आधार पर इन्हीं डाकघरों में अतिरिक्त मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य न केवल आधार पंजीयन की गति बढ़ाना है, बल्कि अपडेट और संशोधन की प्रक्रिया को भी पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है।
विभाग के अनुमान के अनुसार, इस अभियान से लगभग पांच करोड़ बच्चों के आधार पंजीयन और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट में मदद मिलेगी। इससे सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, बैंकिंग सेवाओं और अन्य लाभों से जुड़ने में भी सहूलियत होगी, क्योंकि आधार आज अधिकांश योजनाओं का प्रमुख पहचान दस्तावेज बन चुका है।
डाक विभाग की यह पहल ग्रामीण भारत में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अतिरिक्त मशीनों की स्थापना के बाद डाकघरों में आधार सेवाओं का दबाव कम होगा और आम नागरिकों को त्वरित, सुरक्षित और विश्वसनीय सुविधा उपलब्ध होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here