कानपुर: कानपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों द्वारा फंदा (hanged) लगाकर आत्महत्या (suicide) करने की घटनाओं से सनसनी फैल गई। एक मामला ग्वालटोली क्षेत्र का है, जहां प्रेमिका से फोन पर विवाद के बाद युवक ने जान दे दी, जबकि दूसरा मामला काकादेव का है, जहां नशे को लेकर परिजनों से हुए झगड़े के बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
काकादेव के शास्त्री नगर हंसनगर निवासी राजकुमार का 27 वर्षीय बेटा आशीष पासवान ई-रिक्शा चालक था। परिवार में पत्नी काजल, बेटी दिव्यांशी और बेटा आदर्श हैं। परिजनों के अनुसार आशीष सूखा नशा करता था, जिसका वे लगातार विरोध करते थे। शनिवार देर रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा, जिस पर विवाद हो गया। इसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर दुपट्टे से फंदा लगा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह ग्वालटोली के अहिराना निवासी रामकुमार का 25 वर्षीय बेटा अतुल कश्यप पीओपी का काम करता था। परिजनों के मुताबिक उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वेलेंटाइन डे पर फोन पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद अतुल ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि वह पहले भी तीन बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।
पुलिस ने दोनों मामलों में मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटनाओं के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
यदि कोई व्यक्ति मानसिक तनाव या अवसाद से जूझ रहा है तो उसे अकेला न छोड़ें और तुरंत परिवारजनों या विशेषज्ञ की मदद लें। समय पर संवाद और सहयोग कई अनहोनी घटनाओं को रोक सकता है।


