लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में पार्टी ने नगर निकायों में नामित पार्षदों की नियुक्ति और लंबित जिलाध्यक्षों की घोषणा को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में मनोनीत पार्षदों की सूची इसी महीने जारी की जा सकती है।
बताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी संगठन ने शनिवार को हुई बैठक में विस्तृत मंथन के बाद सूची को अंतिम रूप देकर नगर विकास विभाग को भेज दिया है। प्रदेश में कुल 2805 नामित पार्षदों के पद रिक्त हैं। इनमें 17 नगर निगमों में 10-10, लगभग 200 नगर पालिकाओं में 5-5 और 490 नगर पंचायतों में 3-3 पार्षद मनोनीत किए जा सकते हैं। इन पार्षदों को लगभग दो वर्ष तक कार्य करने का अवसर मिलेगा।
संगठन सूत्रों का मानना है कि यह कदम विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को सक्रिय और सशक्त करने की रणनीति का हिस्सा है। पिछले वर्ष जिला और महानगर अध्यक्षों से नाम मांगे गए थे, लेकिन सूची को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका था। पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद इस प्रक्रिया को फिर से गति दी गई। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ हुई बैठक में इन नामों पर अंतिम सहमति बनी। होली के बाद निगमों और आयोगों में भी नियुक्तियों की संभावना जताई जा रही है।
14 जिलाध्यक्षों की घोषणा शेष
पार्टी पहले 70 जिलाध्यक्षों की घोषणा कर चुकी है। नवंबर में 14 और जिलाध्यक्षों की सूची जारी की गई थी, लेकिन अभी भी 14 जिलों में अध्यक्षों का ऐलान बाकी है। सूत्रों के मुताबिक इन नामों पर भी सहमति बन चुकी है और शीघ्र ही सार्वजनिक घोषणा की जाएगी।
प्रशिक्षण महाभियान से बूथ स्तर तक मजबूती
विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान की शुरुआत की गई है। लखनऊ स्थित बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में अभियान की रूपरेखा तैयार की गई।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला स्तर पर दो दिन, मंडल स्तर पर एक दिन तथा प्रत्येक बूथ पर दो सत्रों में आयोजित होगा। कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संविधान, बूथ कमेटियों के गठन, मतदाता सूची प्रबंधन, सोशल मीडिया संचालन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग और नमो ऐप जैसे डिजिटल टूल्स की जानकारी दी जाएगी।
पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और नेतृत्व—तीनों स्तरों पर सुदृढ़ करेगा। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने इसे संगठन की नींव मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। अभियान संयोजक अनूप गुप्ता के साथ सात सह-संयोजकों की नियुक्ति भी की गई है, जिनमें बृज बहादुर, त्रयम्बक त्रिपाठी और रामशंकर कठेरिया प्रमुख हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संगठनात्मक पुनर्संरचना, निकाय स्तर पर नियुक्तियां और व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए बीजेपी 2027 के चुनाव से पहले अपने कार्यकर्ता आधार को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।




