लखनऊ| प्रदेश में फरवरी के मध्य से ही मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। दिन में तेज धूप और तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी के चलते लोगों ने गर्म कपड़ों से दूरी बनानी शुरू कर दी है। सुबह और शाम की ठंड भी अब पहले के मुकाबले काफी कम हो गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि का सिलसिला जारी रहेगा, हालांकि 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 और 18 फरवरी को छिटपुट बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि इसके अलावा प्रदेश के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का अहसास हुआ। मौसम ऐसा प्रतीत हुआ मानो मार्च का महीना शुरू हो गया हो। हालांकि देर शाम हल्की ठंडक के साथ मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक वृद्धि दर्ज की जा सकती है। तापमान में वृद्धि की दर प्रतिदिन एक डिग्री से कम आंकी जा रही है, जिससे बदलाव धीरे-धीरे महसूस हो रहा है।
प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है। शनिवार को सबसे अधिक तापमान झांसी में 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। आगरा में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और हमीरपुर में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में बढ़ोतरी का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा और अचानक किसी बड़े मौसम परिवर्तन की संभावना फिलहाल नहीं है। ऐसे में दिन के समय लोगों को गर्मी का अहसास और अधिक हो सकता है, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है।



