लोहिया अस्पताल की 50 शैय्या क्रिटिकल यूनिट मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश
फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी (DM) आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ (Collectorate Auditorium Fatehgarh) में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित 77 निर्माणाधीन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई, जिनमें से 37 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं जबकि 41 योजनाएं निर्माणाधीन हैं।
बैठक में जिलाधिकारी ने यू0पी0 प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड, कानपुर को लोहिया अस्पताल में निर्माणाधीन 50 शैय्या क्रिटिकल यूनिट का कार्य मार्च माह तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जल निगम (ग्रामीण) के कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उ0प्र0 आवास निर्माण इकाई, कानपुर को अमृतपुर में स्वीकृत नई पुलिस चौकी एवं पुलिस आवास निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने को कहा गया।
उ0प्र0 राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ द्वारा कार्यों में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। वहीं उ0प्र0 आवास विकास परिषद का कोई प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित न होने पर भी नाराजगी जताई गई। जिलाधिकारी ने सभी पूर्ण कार्यों को नियमानुसार संबंधित विभागों को हैंडओवर कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी अभियंताओं को नियमित निरीक्षण करने और समस्याएं होने पर तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


