फर्रुखाबाद: कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी (district magistrate) आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में माह जनवरी 2026 के सीएम डैशबोर्ड (CM dashboard) के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा में जनपद ने प्रदेश स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त कर बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया, लेकिन कई विभागों की रैंकिंग संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सुधार के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में 29 विभागों की कुल 77 योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सी श्रेणी में सबसे खराब प्रदर्शन जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का रहा, जहां शादी अनुदान योजना में 40वीं रैंक और 10 में से मात्र 5 अंक प्राप्त हुए। उद्योग विभाग की ओडीओपी वित्त पोषण योजना को 72वीं रैंक और 5 अंक मिले। जल निगम ग्रामीण विभाग के जल जीवन मिशन की 41वीं रैंक रही और 7 अंक प्राप्त हुए। पर्यटन विभाग की राज्य योजना को 63वीं रैंक के साथ 8 अंक मिले।
ग्राम्य विकास विभाग की डे एनआरएलएम आरएफसीआईएफ योजना 11वीं रैंक पर रही और 6 अंक प्राप्त हुए। पंचायती राज विभाग की 15वां वित्त आयोग ग्राम पंचायत योजना को 40वीं रैंक और 6 अंक मिले। उद्योग विभाग की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना 36वीं रैंक पर रही। चिकित्सा विभाग की एम्बुलेंस सेवा 102 को 65वीं तथा 108 को 73वीं रैंक प्राप्त हुई, जिस पर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी माह की रैंकिंग में ठोस सुधार सुनिश्चित किया जाए और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद की समग्र रैंकिंग बेहतर है, लेकिन कमजोर विभागों के कारण छवि प्रभावित हो सकती है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए कपिल कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


