सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
फर्रुखाबाद। थाना जहांनगंज क्षेत्र के बेहटा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में आलू खोदने गए एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना से गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुनील वर्मा पुत्र हेतराम वर्मा निवासी बेहटा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुनील शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे घर से लगभग दो किलोमीटर दूर काली नदी किनारे स्थित अपने खेत पर आलू खुदाई करने के लिए गए थे। करीब आधे घंटे बाद उनका छोटा भाई अनिल भी खेत पर पहुंचा।
अनिल ने बताया कि खेत में कुछ आलू खुदे हुए पड़े थे, जबकि सुनील कुछ दूरी पर अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े थे। जब वह पास गया तो देखा कि उनके सिर पर गहरे चोट के निशान थे और उनकी सांसें थम चुकी थीं। यह देख उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। मौके पर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलित किए। क्षेत्राधिकारी अमृतपुर तथा अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना प्रभारी राजेश राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।






