– एसटीएफ की कार्रवाई से सियासी हलचल तेज
बाराबंकी /लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को गुरुवार दोपहर बाराबंकी से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की कार्रवाई लखनऊ एसटीएफ की टीम ने की। जानकारी के अनुसार टीम ने उन्हें सफदरगंज थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने मनोज यादव का मेडिकल परीक्षण बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि मनोज यादव पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता बताए जा रहे थे। उनकी पत्नी ने गोमती नगर विस्तार थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस बीच उनकी बाराबंकी से गिरफ्तारी ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तारी के समय मनोज यादव के साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। हालांकि, अब तक एसटीएफ या पुलिस प्रशासन की ओर से गिरफ्तारी के कारणों को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
दूसरी ओर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि मनोज यादव पर मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इसी प्रकरण में कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी औपचारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद बाराबंकी से लेकर राजधानी लखनऊ तक राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। विपक्ष और सत्तापक्ष के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आना शुरू हो गई हैं।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव बाराबंकी से गिरफ्तार


