बदायूं। महान योद्धा और राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती 19 फरवरी को शहर में भव्य और उत्साहपूर्ण ढंग से मनाई जाएगी। यह आयोजन रस्तोगी धर्मशाला में संपन्न होगा, जहां सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से शिवाजी महाराज के जीवन और आदर्शों को स्मरण किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर आयोजकों श्रीकांत मराठा, संजय भोसले और दीपक संकपाल की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए अतिथियों को आमंत्रित करने, मंच व्यवस्था, सुरक्षा और अनुशासन जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजकों ने बताया कि जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को भी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
जयंती समारोह के दौरान भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राएं और युवा छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा शिवाजी महाराज की जीवनगाथा से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों पर वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभायात्रा में शिवाजी महाराज के जयघोष, झांकियां और पारंपरिक वेशभूषा आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।


