बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में एयर इंडिया में एसोसिएट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवकों और एक युवती से करीब साढ़े 23 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों की तहरीर पर इज्जतनगर थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
तुलाशेरपुर निवासी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चौपुला निवासी विशाल, उसके साथी दयाशंकर, विपिन, सोनू और अभिषेक ने बीटेक पास युवाओं को एयर इंडिया में नौकरी दिलाने का दावा किया था। देवेंद्र ने अपने भाई, एक दोस्त और साथ में बीटेक करने वाली युवती की नौकरी के लिए आरोपियों से संपर्क किया। आरोप है कि भरोसा दिलाकर आरोपियों ने कई किश्तों में 23.50 लाख रुपये से अधिक की रकम ले ली।
पीड़ितों के अनुसार रकम लेने के बाद आरोपियों ने एयर इंडिया के नाम से फर्जी ऑफर लेटर दे दिए। नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर संदेह होने पर जब देवेंद्र ने एयर इंडिया कार्यालय में संपर्क किया तो पता चला कि ऐसी कोई भर्ती निकाली ही नहीं गई है और दस्तावेज फर्जी हैं। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।
इज्जतनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस बैंक लेनदेन, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि देने से पहले संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या कार्यालय से जानकारी अवश्य सत्यापित कर लें।


