मिर्जापुर (शाहजहांपुर): ब्लॉक की सीएचसी जरियनपुर (CHC Jarianpur) में अब दिल के दर्द के आकस्मिक उपचार के लिए ECG सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इसके जरिए रोगी का पांच मिनट में ईसीजी नेटवर्किंग के माध्यम से पीजीआई लखनऊ में भेजा जाएगा और जांच के आधार पर तत्काल इलाज सुनिश्चित होगा।
जिले के एसटीईएमआई नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हार्ट अटैक की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। हार्ट अटैक के समय तत्काल इलाज अत्यंत आवश्यक होता है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने सीएचसी जरियनपुर, परशुरामपुरी (जलालाबाद), तिलहर और पुवायां में “एसटीएमईआई” केयर नेटवर्क शुरू किया है।
डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि मुंह के जबड़े से लेकर नाभि के ऊपर वाई तरफ का दर्द, घबराहट, बेचैनी और पसीना आना हार्ट अटैक के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर रोगी को तुरंत सीएचसी लाना चाहिए। यहाँ ईसीजी जांच के साथ लोडिंग डोज़ यानी आकस्मिक दवाइयों की पूरी सुविधा उपलब्ध है। जांच रिपोर्ट पीजीआई लखनऊ से आने के बाद रोगी को सभी आवश्यक दवाइयां निशुल्क प्रदान की जाएंगी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. आदेश रस्तोगी ने बताया कि सीएचसी जरियनपुर में डिजिटल एक्स-रे सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे अन्य रोगियों का इलाज भी सुगमता से किया जा सकेगा। यह ग्रामीण क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सेवा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।


