मैनपुरी: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा (major road accident) हो गया, जब दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक स्लीपर कोच बस (sleeper coach bus) आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में आठ यात्री घायल हो गए। दुर्घटना का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सैफई स्थित पीजीआई भेजा गया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के आनंद विहार से मंगलवार रात करीब 45 यात्रियों को लेकर एक निजी स्लीपर कोच बस गोरखपुर के लिए रवाना हुई थी। बुधवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे बस करहल थाना क्षेत्र में लखनऊ एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 94.200 किलोमीटर के पास पहुंची। इसी दौरान बस चालक वी.पी. सिंह निवासी नगला देवी, जनपद कासगंज को झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
हादसे में आठ यात्री घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अन्य यात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को किनारे कर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चालक की लापरवाही और नींद की झपकी प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों से लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम लेने और सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।


