17 C
Lucknow
Wednesday, February 11, 2026

युवती के मुंह में तेजाब की बोतल ठूंसने का आरोप, चार के खिलाफ मुकदमा

Must read

एटा: जनपद के निधौली कलां थाना (Nidhauli Kalan Police Station) क्षेत्र के गांव गादुरी में पड़ोसियों द्वारा एक परिवार पर हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने घर में घुसकर मां, बेटे और बेटी की बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने युवती नगीना के मुंह में तेजाब की बोतल (bottle of acid) ठूंस दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

गांव निवासी किशन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह फरवरी की शाम करीब आठ बजे उसके पड़ोसी वीरेंद्र, गुड्डू, राकेश और टीटू लाठी-डंडे लेकर उसके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि चारों ने उसकी मां रेखा देवी, भाई छोटू और बहन नगीना पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान तीनों को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों ने नगीना के मुंह में तेजाब की बोतल ठूंस दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।

घटना के बाद परिजनों ने घायल नगीना को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। परिवार का आरोप है कि हमलावर पहले से रंजिश रखते थे और इसी के चलते सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती के शरीर पर तेजाब से झुलसने के स्पष्ट घाव नहीं पाए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना पुलिस का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। यदि तेजाब से हमला किए जाने की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराएं बढ़ाई जाएंगी। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article