औरैया: जनपद में आगामी यूपी बोर्ड परीक्षाओं (up board exams) को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट (High school and intermediate) की परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रस्तावित हैं, जिन्हें शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए 2300 से अधिक शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात किया जाएगा। इस संबंध में केंद्रवार शिक्षकों की मांग जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्या द्वारा भेज दी गई है।
शासन को भेजे गए विद्यालयों के आवेदन और आपत्तियों के निस्तारण के बाद जिले में कुल 71 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल के 20,866 तथा इंटरमीडिएट के 19,394 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर और मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए एसटीएफ की भी निगरानी रहेगी।
नए प्रावधानों के तहत परीक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। 40 परीक्षार्थियों तक के कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक तैनात रहेंगे, जबकि 41 से 60 छात्रों वाले कक्षों में तीन कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक दूसरे विद्यालयों से तैनात किए जाएंगे, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की मिलीभगत की आशंका न रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्या ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि परीक्षा ड्यूटी के दौरान कोई भी कक्ष निरीक्षक अपने पास मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट नहीं रख सकेगा। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


