20 C
Lucknow
Wednesday, February 11, 2026

महाशिवरात्रि मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

Must read

फर्रुखाबाद: महाशिवरात्रि (Mahashivratri) के पावन अवसर पर श्रृंगी ऋषि की तपोस्थली श्रंगीरामपुर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी (DM) आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक (SP) आरती सिंह ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूरे मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या तथा उन्हें होने वाली संभावित समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाहर के राज्यों और जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने नाव, नाविक और गोताखोरों के नाम व मोबाइल नंबर की सूची तैयार कर प्रत्येक संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके।

मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी कराने, खोया-पाया केंद्र स्थापित करने तथा पीए सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल टैंकर, मोबाइल शौचालय, घाट तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने, घाटों पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। भीड़ नियंत्रण के दृष्टिगत आवागमन के लिए एकल मार्ग व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत, खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्रा, प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य है कि महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धा-भक्ति के वातावरण में संपन्न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article