फर्रुखाबाद| सर्दी के विदा लेने और मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम ठंडक के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव और लापरवाही के चलते बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ रहे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार और गले में संक्रमण जैसी शिकायतें आम हो गई हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम परिवर्तन के दौरान रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने से संक्रमण तेजी से फैलता है।
जिला अस्पताल समेत सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुबह से ही पर्चा बनवाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। डॉक्टरों के कक्ष के बाहर मरीजों और उनके तीमारदारों की भीड़ देखी जा रही है। कई मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार ओपीडी में सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या ज्यादा है।
निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में भी स्थिति कुछ अलग नहीं है। शहर के प्रमुख चिकित्सकों के यहां दिनभर मरीजों का तांता लगा रहता है। गली-मोहल्लों में संचालित छोटी क्लीनिकों पर भी भीड़ का आलम है। कई परिवारों में एक साथ दो से तीन सदस्य बीमार हो रहे हैं। दवा दुकानों पर भी सर्दी-जुकाम और बुखार की दवाइयों की बिक्री बढ़ गई है। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर इलाज न कराने पर यह संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है।
डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने और बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े पहनने, साफ-सफाई का ध्यान रखने, संतुलित आहार लेने और पर्याप्त पानी पीने की हिदायत दी जा रही है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष देखभाल की जरूरत बताई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें और स्वयं दवा लेने से बचें।



