शाहजहांपुर: कांट थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक किसान की दर्दनाक मौत (Farmer dies) हो गई। किसान रात में खेत में खड़ी फसल की रखवाली करने जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान ग्राम जमुनिया दौलतपुर निवासी आनंद स्वरूप (44) पुत्र अकबर के रूप में हुई है।
बताया गया कि बीती रात करीब साढ़े नौ बजे आनंद स्वरूप अपने घर से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जमुनिया दौलतपुर तिराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान मनोज कुमार ने पुलिस को दी। घायल आनंद स्वरूप को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उपनिरीक्षक परमीत द्वारा सीएचसी जलालाबाद में मेमो के आधार पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई। सूचना मिलने पर कांट इंस्पेक्टर राकेश कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के परिजनों को जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि हादसा किस वाहन से हुआ, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


