कासगंज| आगामी कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी कासगंज एवं पुलिस अधीक्षक कासगंज ने मटर मंडी क्षेत्र और लहरा गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मटर मंडी को 12 फरवरी से 14 फरवरी तक पूर्ण रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान भारी वाहनों एवं व्यापारिक गतिविधियों पर रोक रहेगी, जिससे कांवड़ियों के आवागमन में बाधा न आए।
प्रशासन ने कांवड़ियों की सुगम आवाजाही को ध्यान में रखते हुए एटा एवं अलीगढ़ मार्ग को जिला सीमा के अंतर्गत लहरा गंगा घाट तक टू-लेन किए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। इससे कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात दबाव कम होगा और श्रद्धालु सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
डीएम और एसपी ने लहरा घाट पर गंगा कटान रोधी कार्यों, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, अस्थायी पार्किंग स्थलों और यातायात प्रबंधन की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा व श्रद्धा का पूरा सम्मान किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए ड्यूटी करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।






