लखनऊ। विधानसभा सत्र के दौरान वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सदन पहुंचते ही उन्होंने कहा कि सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक और कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में विपक्ष ने सहयोग करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान जानबूझकर हंगामा किया गया।
सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए सदन को सुचारू रूप से चलाना चाहती है, लेकिन विपक्ष का रवैया इसके बिल्कुल विपरीत नजर आया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने सदन की मर्यादा और गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण संविधान के तहत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इस दौरान व्यवधान डालना संसदीय परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सदन की कार्यवाही में रचनात्मक भूमिका निभाए, ताकि जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा हो सके।






