कानपुर।
वीआईपी रोड पर हुए हाई-प्रोफाइल सड़क हादसे के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। हादसे में शामिल लैंबोर्गिनी कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया, लेकिन कार का चालक और कारोबारी मालिक अब तक फरार है। तीन लोगों के घायल होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
रविवार को तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी कार अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मारती चली गई थी। हादसे में एक बाइक सवार समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त लैंबोर्गिनी कार को थाने भिजवा दिया। हालांकि, इसी दौरान चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हादसे में कोई सामान्य कार या बाइक शामिल होती, तो चालक को तत्काल हिरासत में ले लिया जाता।
पुलिस का दावा है कि हादसे में शामिल आरोपी कारोबारी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जांच के बाद लैंबोर्गिनी कार हादसे के मामले में चालक शिवम मिश्रा का नाम एफआईआर में जोड़ दिया गया है। साथ ही कार को सीज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


