कासगंज: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं (UP Board exams) को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद (Secondary Education Council) की ओर से 18 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाओं के लिए कासगंज जिले में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 40,362 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। नकलविहीन, सुचिता पूर्ण और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देश पर परीक्षा की कड़ी निगरानी के लिए 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। ये सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों पर पहली और दूसरी दोनों पालियों में लगातार निगरानी रखेंगे। जिला प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नकल की शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तैनात किए गए सेक्टर मजिस्ट्रेटों में जिला पंचायत के एएमओ उपेंद्र कुमार, बीडीओ कासगंज महेंद्र पाल, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र, बीडीओ सोरों सुशील कुमार सिंह, दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी हेमेंद्र स्वरूप, बीईओ सिढ़पुरा सुरेंद्र कुमार अहिरवार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, पीसीएफ जिला प्रबंधक सौरभ कुमार, उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह, बीडीओ पटियाली संजीव कुमार, उद्यान अधिकारी रवी चंद्र जयसवाल, बीडीओ गंजडुंडवारा मुकेश कुमार, प्रोबेशन अधिकारी पल्लवी सिंह, बीईओ अमांपुर शशिकांत, बीडीओ सहावर चरण सिंह तथा सहायक श्रम आयुक्त विद्यालय प्रकाश शर्मा शामिल हैं।
इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पांच अधिकारियों को रिजर्व ड्यूटी पर रखा गया है। इनमें सहावर की बीईओ आरती चौधरी, कासगंज की बीईओ प्रीती गोयल, जिला गन्ना अधिकारी ओम प्रकाश सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार और विधिक माप विज्ञान अधिकारी नन्हें लाल शामिल हैं।
डीआईओएस ने बताया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट जिलाधिकारी के सीधे निर्देश पर कार्य करेंगे और परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन, सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे। जिला प्रशासन का दावा है कि सख्त निगरानी व्यवस्था के चलते इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाएंगी।


