17 C
Lucknow
Monday, February 9, 2026

प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 2177 लाभार्थियों को मिली पहली किस्त

Must read

समय पर मकान बनाने पर मिलेगा 10 हजार का प्रोत्साहन

एटा: प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना (Pradhan Mantri Urban Housing Scheme) के अंतर्गत जिले के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले बेघर और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिले की दस नगर निकायों से चयनित 2177 पात्र लाभार्थियों को मकान निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो लाभार्थी निर्धारित 12 माह की अवधि में आवास निर्माण पूरा करेंगे, उन्हें 10 हजार रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

जानकारी के अनुसार एटा जिले की नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवेदन किया था। आवेदनकर्ताओं का नियमानुसार सत्यापन कराया गया, जिसके बाद 2177 लोग योजना के लिए पात्र पाए गए। इन सभी के खातों में हाल ही में प्रथम किस्त के रूप में एक लाख रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी गई है। संबंधित निकायों द्वारा लाभार्थियों को किस्त मिलने और निर्माण की समयसीमा से जुड़ी सभी जानकारियां भी उपलब्ध करा दी गई हैं।

सरकार की ओर से एक वर्ष के भीतर आवास निर्माण पूरा करने पर 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दिए जाने की घोषणा से लाभार्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। अधिकांश लाभार्थियों ने मकान निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है और तेजी से काम कराया जा रहा है, ताकि समयसीमा के भीतर निर्माण पूरा कर प्रोत्साहन राशि का लाभ भी लिया जा सके।

जिला प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, निम्न आय वर्ग और मध्यम आय वर्ग के उन परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराना है, जिनके पास स्वयं का आवास नहीं है। योजना के माध्यम से न केवल लोगों को सुरक्षित आवास मिल रहा है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार हो रहा है। प्रशासन ने लाभार्थियों से अपील की है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय से पूरा कराएं, ताकि आगे की किस्त और प्रोत्साहन राशि समय पर मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article