एटा: एटा जिले में साढ़े सात बीघा कृषि भूमि (bigha agricultural land) दिलाने के नाम पर एक बुजुर्ग महिला से 19 लाख रुपये की ठगी (fraud) का मामला सामने आया है। जैथरा थाना क्षेत्र के गांव नगला गोविल निवासी पीड़िता ने सोमवार को एटा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता दुआ देवी पत्नी रामपाल ने आरोप लगाया है कि गांव के ही धीरेन्द्र नामक युवक ने उसे साढ़े सात बीघा जमीन 30 लाख रुपये में दिलाने का झांसा दिया था। आरोपी ने जमीन का सौदा तय होने की बात कहकर अलग-अलग किस्तों में महिला से कुल 19 लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
महिला के अनुसार, उसने पहली बार तीन लाख रुपये, दूसरी बार दो लाख रुपये, तीसरी बार तीन लाख 55 हजार रुपये तथा चौथी बार दस लाख 45 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से आरोपी के खाते में भेजे थे। पीड़िता ने ऑनलाइन भुगतान से संबंधित विवरण और ट्रांजैक्शन सूची भी अपनी शिकायत के साथ संलग्न की है।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने जमीन का बैनामा कराने की बात कही तो आरोपी मुकर गया। रुपये वापस मांगने पर वह टालमटोल करने लगा और अब जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। ठगी और धमकी से भयभीत महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और ठगे गए रुपये वापस दिलाने की मांग की है।


