शाहजहांपुर: चौक कोतवाली क्षेत्र में बीती रात अज्ञात वाहन (unknown vehicle) की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई,जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल (wife injured) हो गई। मृतक की पहचान कांट थाना क्षेत्र के पिपरोला अहमदपुर निवासी 28 वर्षीय सुभाष चंद्र वर्मा के रूप में हुई है।सुभाष अपनी पत्नी अनीता के साथ थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के उधौपारा स्थित अपनी बहन की ननद की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
नवादा इन्देपुर के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुभाष के मोबाइल फोन से परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज की मर्चरी पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, सुभाष मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बच्चे—मुस्कान, कार्तिक और हिमांशु हैं। दो बच्चे पहले ही शादी समारोह में गए थे, जबकि एक बच्चा घर पर ही था। सुभाष की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। घायल पत्नी अनीता का इलाज अस्पताल में जारी है।


