आगरा।यमुना एक्सप्रेस-वे पर कंबल में लिपटी मिली युवती की लाश की गुत्थी को पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से सुलझा लिया है। मृतका की पहचान महोबा जिले की रहने वाली सोनाली के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतका के प्रेमी सनी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपराध कबूल कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले खंदौली थाना क्षेत्र के सौरई गांव के पास यमुना एक्सप्रेस-वे किनारे एक युवती का शव कंबल में लिपटा हुआ मिला था। युवती के चेहरे पर खून लगा होने और गंभीर चोटों के कारण उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा था।
AI से बनाई गई तस्वीर बनी पहचान की कुंजी
शव की पहचान के लिए पुलिस ने एआई तकनीक का सहारा लिया। चेहरे के बचे हुए हाव-भाव के आधार पर AI से युवती की एक संभावित तस्वीर तैयार करवाई गई, जिसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। इसका नतीजा यह रहा कि 24 घंटे के भीतर मृतका की पहचान सोनाली के रूप में हो गई।
तीन साल से लिव-इन में थे दोनों
जांच में सामने आया कि सोनाली और सनी पिछले तीन वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। हाल के दिनों में सोनाली सनी पर शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन इसी दौरान सनी की जिंदगी में नई प्रेमिका आ गई। इसी कारण सनी ने सोनाली से छुटकारा पाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची।
गला दबाकर हत्या, फिर एक्सप्रेस-वे पर फेंका शव
पुलिस पूछताछ में सनी ने बताया कि उसने सोनाली की गला दबाकर हत्या की और शव को कंबल में लपेटकर यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंक दिया, ताकि पहचान न हो सके।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में सनी के दो दोस्तों की भूमिका भी सामने आई है। फिलहाल दोनों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस ने आरोपी सनी को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि AI तकनीक और सोशल मीडिया की मदद से इस जघन्य हत्याकांड का जल्द खुलासा हो सका, जो आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का बड़ा उदाहरण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here