RTGS भुगतान का झांसा देकर 371 ग्राम सोना-चांदी के जेवर ले जाने का आरोप
लखनऊ। राजधानी के चौक क्षेत्र में सराफा कारोबार से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां लाखों रुपये कीमत का सोना-चांदी लेकर एक दुकानदार फरार हो गया। पीड़ित व्यापारियों ने मामले में पुलिस को तहरीर देकर FIR दर्ज करवाई है।
पीड़ितों के अनुसार, अफजाल, निवासी बहराइच, ने सराफा व्यापारियों से RTGS के जरिए भुगतान करने का भरोसा दिलाया था। इसी भरोसे पर उसने करीब 371 ग्राम सोना और चांदी के जेवरात अपने साथ ले लिए।
व्यापारियों का आरोप है कि अफजाल ने कहा था कि वह तुरंत RTGS से भुगतान कर देगा, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद खाते में कोई रकम नहीं आई। जब व्यापारियों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला और वह फरार हो चुका था।
घटना के बाद पीड़ित सराफा व्यापारियों ने चौक थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद चौक सराफा बाजार में हड़कंप मच गया है। व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं बढ़ने से कारोबार पर असर पड़ रहा है और आपसी भरोसे की परंपरा को नुकसान पहुंच रहा है।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।





