कासगंज: भरगैन कस्बे के मोहल्ला लाल बाग स्थित मदरसा दारुल उलूम फैजाने ताजुशरिया (madrasa campus) में एक प्रेरणादायक और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फर्रुखाबाद जनपद के रहने वाले दो मेधावी छात्रों (students) ने मात्र 12 घंटे के भीतर पूरा कुरान पाक बिना देखे सुनाकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। इस उपलब्धि से मदरसा परिसर में खुशी और गर्व का माहौल बन गया।
बताया गया कि 13 वर्षीय अब्दुर्रहमान और 15 वर्षीय अली शान ने यह असाधारण उपलब्धि हासिल की। दोनों छात्रों ने मदरसे के प्रधानाचार्य मुफ्ती मोहम्मद शाहिद रज़ा की निगरानी में यह कठिन कार्य पूर्ण किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने लगातार ध्यान, एकाग्रता और आत्मविश्वास के साथ पूरा कुरान पाक हिफ्ज़ के रूप में सुनाया, जिसे सुनकर मौजूद लोग भावविभोर हो गए।
प्रधानाचार्य मुफ्ती मोहम्मद शाहिद रज़ा ने बताया कि छात्रों को कम से कम समय में पूरा कुरान पाक बिना देखे सुनाने की चुनौती दी गई थी। फर्रुखाबाद जिले के इन दोनों छात्रों ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए मात्र 12 घंटे में कुरान पाक का पाठ पूर्ण कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल मदरसे, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर मदरसे की ओर से दोनों छात्रों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य ने दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम और संयम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मदरसे के संस्थापक मोहम्मद उमर खान, हाफिज जुबैर अहमद खान, जामिन, हाफिज सुबहान, तालिब, अयान, आरजू गुलजार नबी और अय्यूब सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे। सभी ने दोनों छात्रों की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


