फतेहपुर| शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और बढ़ती अराजकता को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। एसपी ने शहर कोतवाल तारकेश्वर राय को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। उनके साथ ही सीओ सिटी गौरव शर्मा को भी पद से हटाकर सीओ लाइन का चार्ज सौंपा गया है।
करीब दो वर्षों से शहर कोतवाली की जिम्मेदारी संभाल रहे तारकेश्वर राय के स्थान पर पुलिस लाइन से श्रवण कुमार सिंह को नया शहर कोतवाल नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि शहर में अपराध नियंत्रण पूरी तरह से कमजोर हो गया था, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे थे।
सूत्रों के अनुसार अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के दौरान वायरल हुए एक वीडियो के मामले में भी कोतवाली पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की थी। कुछ मामलों में भले ही खुलासे हुए हों, लेकिन उनकी निष्पक्षता और प्रभावशीलता पर सवाल उठे। इसके अलावा सत्ताधारी दल के कई नेताओं ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें की थीं।
इसी क्रम में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह उसी थाने में तैनात कमर सिंह को प्रभारी बनाया गया है। एसपी की इस कार्रवाई को शहर में कानून-व्यवस्था सुधारने की दिशा में कड़ा संदेश माना जा रहा है।


