फतेहपुर | जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। एसपी ने सदर कोतवाल तारकेश्वर राय और साइबर थाना प्रभारी सुनील सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई से जिले के पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
लाइन हाजिर किए गए अधिकारियों के स्थान पर नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। श्रवण कुमार सिंह को शहर का नया सदर कोतवाल बनाया गया है, जबकि कमर खान को साइबर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी का मानना है कि नए नेतृत्व से पुलिसिंग में सुधार आएगा और जनता में भरोसा मजबूत होगा।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने सर्किल अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है। सीओ सिटी गौरव शर्मा को हटाकर उन्हें अब सीओ अपराध का दायित्व दिया गया है। वहीं यातायात सीओ प्रमोद कुमार शुक्ला को सीओ सिटी के पद पर तैनात किया गया है।
एसपी द्वारा किए गए इस फेरबदल को जिले में बढ़ते अपराध और पुलिस की कार्यप्रणाली को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इन बदलावों से अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।


