मैनपुरी: बरनाहल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फूलापुर में हुए दोहरे हत्याकांड (double murder) के बाद समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव (Dimple Yadav) ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घटना को बेहद दुखद और झकझोर देने वाला बताया। सांसद ने कहा कि जिस घर में जल्द शादी की खुशियां आने वाली थीं, वहां पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद डिंपल यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला।
डिंपल यादव ने कहा कि पुलिस ने भले ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया हो, लेकिन परिजनों का स्पष्ट कहना है कि इस हत्याकांड में दो से अधिक लोग शामिल हैं। ऐसे में मामले की निष्पक्ष और गहन जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाए और सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
इसके साथ ही सांसद ने संसद की कार्यवाही को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संसद जनता की आवाज उठाने का सबसे बड़ा मंच है, लेकिन अगर वहां विपक्ष के सांसदों को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जाएगा तो नाराजगी स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को लगातार बोलने से रोका जा रहा है, जो लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है। डिंपल यादव ने कहा कि विपक्ष का अधिकार है कि वह अपने मूल मुद्दों को मजबूती से संसद में रखे और जनता की आवाज बने।
अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा तोड़े जाने के मामले पर भी डिंपल यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर जैसी महान ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विभूति की प्रतिमा का तोड़ा जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन सरकार इस पर कोई ठोस जवाब नहीं दे रही है। सरकार एक ओर हेरिटेज साइट्स के संरक्षण की बात करती है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आती है। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री, जो उस क्षेत्र के सांसद भी हैं, इस विषय पर संसद में जवाब दें।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए डिंपल यादव ने पुलवामा और पहलगाम जैसी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बड़ी घटनाएं इंटेलिजेंस फेलियर की ओर इशारा करती हैं, लेकिन आज तक न तो कोई स्पष्ट जवाब दिया गया और न ही किसी की जिम्मेदारी तय की गई। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार को पारदर्शिता और जवाबदेही दिखानी चाहिए।
योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल उठाते हुए डिंपल यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। इसके बावजूद सरकार सिर्फ दावे कर रही है, जबकि हकीकत में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि फूलापुर जैसी घटनाएं सरकार की नीतियों और दावों की पोल खोलती हैं। सांसद ने दोहराया कि समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है और न्याय की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।


