ग्रामीणों ने किया सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार
कासगंज: गंजडुंडवारा ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कादरगंज के निकट देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक हिरण की मौत हो गई। यह हादसा गंजडुंडवारा–बदायूं मुख्य हाईवे पर हुआ। सुबह के समय राहगीरों ने हाईवे किनारे हिरण को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा, जिससे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह रोहित शाक्य और अवनीश चौहान बदायूं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कादरगंज के पास हाईवे पर उनकी नजर सड़क किनारे पड़े मृत हिरण पर पड़ी। हिरण पूरी तरह से मृत था और उसके शरीर से खून बह रहा था, जिससे स्पष्ट था कि उसे किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी है। आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हिरण की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रोहित शाक्य और अवनीश चौहान ने आसपास के ग्रामीणों को मौके पर बुलाया। थोड़ी ही देर में कई ग्रामीण एकत्र हो गए। वन्य जीव होने के कारण हिरण को लेकर लोगों में संवेदनशीलता दिखाई दी और ग्रामीणों ने आपसी सहमति से हिरण को सम्मानपूर्वक दफनाने का निर्णय लिया।
इसके बाद रोहित शाक्य, अवनीश चौहान, अभिषेक चौहान, रूपेंद्र, शिवम सहित अन्य ग्रामीणों के सहयोग से हाईवे किनारे एक गड्ढा खोदा गया। सभी ने मिलकर मृत हिरण को उसमें दफना दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए हाईवे पर वाहनों की गति पर नियंत्रण और सावधानी बेहद जरूरी है, क्योंकि अक्सर रात के समय जानवर सड़क पार करते हैं और ऐसे हादसों का शिकार हो जाते हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि हाईवे के आसपास वन्य जीवों की आवाजाही को देखते हुए चेतावनी संकेतक और गति नियंत्रण के उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


