पुवायां (शाहजहांपुर): पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय चकऊदन के छात्र-छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण के तहत किसान सहकारी चीनी मिल प्रा. लि. करनापुर, पुवायां ले जाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी पुवायां एवं चीनी मिल के उपाध्यक्ष द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया, जिसके बाद बच्चे उत्साहपूर्वक चीनी मिल के लिए रवाना हुए। चीनी मिल पहुंचने पर सुरक्षा प्रभारी संजीव त्रिपाठी, एसटी के मुख्य समय पालक आदित्य कुमार शर्मा एवं मनीष रस्तोगी ने बच्चों का आत्मीय स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को गन्ने की पेराई से लेकर चीनी बनने तक की पूरी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से दिखाया गया और सरल भाषा में समझाया गया। मुख्य समय पालक आदित्य कुमार शर्मा ने बच्चों को बताया कि कम सल्फर और चूना के प्रयोग से तैयार एम-30 श्रेणी की चीनी उच्च गुणवत्ता की होती है, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी मानी जाती है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गन्ने का रस हमेशा ताजा, अधिकतम 10 मिनट पहले निकाला हुआ ही पीना चाहिए, क्योंकि इसके बाद फर्मेंटेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है।
भ्रमण के दौरान बच्चों को चीनी मिल कॉलोनी स्थित मंदिर के दर्शन भी कराए गए। इसके बाद उन्हें सूक्ष्म जलपान वितरित किया गया। साथ ही बच्चों को यह संदेश दिया गया कि चीनी मिल जैसे बड़े संस्थानों में उच्च पदों पर कार्य करने के लिए पीसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता आवश्यक होती है। वापसी के समय बंडा रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में बच्चों को भोजन कराया गया, जिससे सभी छात्र-छात्राएं अत्यंत उत्साहित और प्रसन्न नजर आए।
इस शैक्षिक भ्रमण में सोनम, गोविन्द, पारुल, शुभ, ज्ञानवी, अनुराग, प्रांशी, रोशनी सहित अनेक विद्यार्थी शामिल रहे। विद्यालय की ओर से प्रधानाध्यापक अम्बुज कुमार, धनंजय, रमेश तिवारी सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु चीनी मिल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


