कानपुर: मंधना स्थित महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज (Maharana Pratap Engineering College) में छात्रों के साथ हुई मारपीट (assault) के मामले में पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी शिक्षकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। छात्र की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में तेजी दिखाते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया है। वहीं, अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है, जब कॉलेज में देर से पहुंचने पर कुछ शिक्षकों और स्टाफ द्वारा छात्रों और छात्राओं की डंडों और बेल्ट से पिटाई किए जाने का आरोप सामने आया था। इस घटना में कुल 10 छात्र-छात्राएं घायल हो गए थे। इनमें एक छात्रा का हाथ गंभीर रूप से घायल होकर फ्रैक्चर हो गया था, जिसका इलाज अस्पताल में कराया गया।
मारपीट की घटना सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हंगामा, नारेबाजी और तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ते देख कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया और भीड़ को शांत कराया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घायल छात्र की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों और बयान के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपी शिक्षकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रों के साथ इस तरह की हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले में कॉलेज प्रशासन की भूमिका, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य शिक्षकों व कर्मचारियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


