फतेहपुर: जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में तैनात एक कंडक्टर (Roadways conductor) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (dies) से हड़कंप मच गया। युवक का शव घर के कमरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिवपुरी गांव निवासी सत्यनाम गुप्ता के पुत्र शिव शंकर गुप्ता (28) उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कंडक्टर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, तीन फरवरी की शाम करीब पांच बजे वह ड्यूटी समाप्त कर घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने परिवार के साथ सामान्य रूप से भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चले गए। उस समय किसी तरह की कोई परेशानी या अस्वस्थता की बात सामने नहीं आई।
बताया गया कि अगली सुबह जब शिव शंकर देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले तो पत्नी माधुरी गुप्ता ने उन्हें जगाने का प्रयास किया। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर परिजन कमरे में पहुंचे, जहां वह बेसुध अवस्था में पड़े मिले। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और आनन-फानन में उन्हें फतेहपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद शिव शंकर गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। युवक की अचानक मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। रोते-बिलखते परिजनों का हाल बेहाल हो गया। सूचना मिलने पर खखरेरू थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


