फर्रुखाबाद: जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और सक्रिय बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह (SP Aarti Singh) ने बड़ा और साहसिक प्रशासनिक कदम उठाया है। एसपी के स्पष्ट निर्देश पर जनपद में तैनात कुल 181 सिपाहियों के तबादले (transfer) किए गए हैं। इस व्यापक फेरबदल ने लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मियों की “आरामदायक पोस्टिंग” पर पूर्ण विराम लगा दिया है, जिससे पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही का साफ संदेश गया है।
इस क्रम में थाना मऊ दरवाजा में तैनात 21 सिपाहियों का विभिन्न थानों में स्थानांतरण किया गया है। सिपाही सचिन कुमार और सुभाष चंद्र को थाना कंपिल, जबकि कुलदीप सिंह को थाना अमृतपुर भेजा गया है। डाक कार्यालय में तैनात रवि कुमार, राजीव कुमार एवं महिला सिपाही कुमारी सोनी को कोतवाली फर्रुखाबाद में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं गौरव कुमार और मोहम्मद आलम को थाना मेरापुर स्थानांतरित किया गया है।
इसके अलावा अनुज कुमार, अभिषेक यादव और नफीस अहमद की तैनाती कोतवाली मोहम्मदाबाद में की गई है। विपिन कुमार को थाना जहानगंज भेजा गया है। सीसीटीएनएस शाखा में कार्यरत विमल वशिष्ठ और रवि चौधरी को कोतवाली फतेहगढ़ में तैनात किया गया है। पैरोकार प्रवीन यादव, सिपाही सुरेश कुमार एवं प्रवीन यादव को कोतवाली कायमगंज भेजा गया है।वहीं थाना शमशाबाद में पैरोकार जितेंद्र कुमार, नितिन यादव, दिनेश कुमार, महिला सिपाही कुमारी विमलेश तथा महिला सिपाही मोनिका तिवारी की तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह तबादले प्रशासनिक हित, पारदर्शिता और बेहतर पुलिसिंग को ध्यान में रखकर किए गए हैं। उनका मानना है कि लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती से कार्यकुशलता प्रभावित होती है, जबकि समय-समय पर फेरबदल से निष्पक्षता, सक्रियता और जवाबदेही बढ़ती है।
जानकारों का कहना है कि एसपी आरती सिंह के इस फैसले से थानों की कार्यप्रणाली में नई गति आएगी और अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी। आम जनता में इस कदम को लेकर भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों के बीच साफ संदेश गया है कि अब लापरवाही और जुगाड़ की पुलिसिंग नहीं, बल्कि सख़्त और ईमानदार कार्रवाई ही चलेगी।
कुल मिलाकर, यह प्रशासनिक फेरबदल न केवल पुलिस महकमे को चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में मील का पत्थर है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि फर्रुखाबाद में कानून व्यवस्था को लेकर एसपी आरती सिंह का रुख बिल्कुल स्पष्ट, कठोर और परिणामोन्मुख है।


