एटा: अलीगंज में रोडवेज बस स्टैंड (roadways bus stand) के सामने और आसपास लंबे समय से खड़े रहने वाले डग्गेमार वाहनों (illegal vehicles) के कारण लगने वाले जाम की समस्या को लेकर पुलिस ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान बस स्टैंड के सामने अवैध रूप से खड़े ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य डग्गेमार वाहनों को खदेड़ दिया गया तथा दोबारा दिखाई देने पर वाहनों को सीज करने की चेतावनी दी गई।
बताया गया कि रोडवेज बस स्टैंड के सामने और उसके आसपास डग्गेमार वाहनों के खड़े रहने से बसों के प्रवेश और निकास में भारी परेशानी हो रही थी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, बल्कि यात्रियों और आम लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जाम की इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार शिकायतें की जा रही थीं। सोमवार के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी अलीगंज नितीश गर्ग ने किया। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड के सामने नगर पालिका के खाली मैदान में ऑटो और ठेले खड़े करने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, ताकि सड़क पर अव्यवस्था न फैले। वहीं दरियागंज चौराहे पर ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग से स्टैंड निर्धारित किया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर चालकों और फुटपाथ विक्रेताओं को नई व्यवस्था की जानकारी दी और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
सीओ अलीगंज ने स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा करने या अवैध रूप से सवारी भरने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान और वाहन सीज करने जैसी कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद रोडवेज बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला और यात्रियों ने भी राहत की सांस ली।


