फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में इलाज कराने आई एक महिला के साथ चोरी की घटना सामने आने से अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अजगर रोड निवासी महिला आंखों का इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान चोरों ने उसे उस समय निशाना बना लिया, जब वह चिकित्सा कक्ष के बाहर लाइन में लगी हुई थी।
पीड़िता महिला ने बताया कि इलाज के लिए पर्चा बनवाने के बाद वह डॉक्टर को दिखाने की प्रतीक्षा कर रही थी। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने बड़ी चालाकी से उसका पर्स निकाल लिया। पर्स में करीब ढाई सौ रुपये रखे हुए थे। जब महिला को पर्स गायब होने का अहसास हुआ तो वह घबरा गई और काफी देर तक इधर-उधर तलाश करती रही, लेकिन पर्स का कोई सुराग नहीं लग सका।
पैसे चोरी हो जाने के कारण महिला मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई, क्योंकि उसके पास घर लौटने तक का किराया भी नहीं बचा था। महिला की स्थिति देखकर अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों और तीमारदारों ने मानवता का परिचय देते हुए उसे किराए के पैसे दिए, तब जाकर वह अपने घर वापस जा सकी।
घटना के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों ने बताया कि ओपीडी में रोजाना भारी भीड़ रहती है, जिसका फायदा उठाकर चोर सक्रिय रहते हैं। इसके बावजूद अस्पताल परिसर में न तो पर्याप्त सुरक्षा कर्मी तैनात हैं और न ही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस व्यवस्था दिखाई देती है।






